“नववर्ष से पहले हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर, क्राइम मीटिंग में पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने दिए कड़े निर्देश..
वसीम हत्याकांड और लक्सर गोलीकांड के खुलासे पर थपथपाई पीठ, जिले के 32 पुलिसकर्मियों को मिला "मैन आफ द मन्थ..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिला पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में शुक्रवार को पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने नवंबर माह की अपराध समीक्षा गोष्ठी ली। कर्मचारी सम्मेलन के बाद हुई इस क्राइम मीटिंग में बीते माह जनपद में घटित अपराधों, उनके खुलासों और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई।

पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।

सर्किल ऑफिसर्स और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

भीड़भाड़ वाले स्थानों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी करने, आतिशबाजी के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए सभी फायर स्टेशनों को पूरी तैयारी की स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए। बीडीएस और डॉग स्क्वायड को भी प्रमुख स्थलों पर तैनात कर संदिग्ध वस्तुओं की नियमित जांच के आदेश दिए गए।

पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों को गंभीरता से लागू करने, थाना परिसरों और मालखानों में अनावश्यक रूप से रखे माल के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया। इस कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई।

ठंड और कोहरे के मद्देनजर रात्रि गश्त और पीकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए अलाव और चाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को समय से रवाना करने और लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने को कहा गया। व्यापार मंडलों और बैंकों से समन्वय कर बाजारों और एटीएम पर चौकीदार या सुरक्षा गार्ड तैनात कराने के निर्देश भी दिए गए।

गौकशी के मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न होने पर पुलिस कप्तान ने सख्त रुख अपनाया। सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और गौ संरक्षण स्क्वाड को गोवंश से जुड़े मामलों में आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने के निर्देश दिए गए। पीएसी के जवानों के ठहरने की व्यवस्था बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।

नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई, आबकारी और आर्म्स एक्ट के मामलों में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई बढ़ाने, महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई और शिकायती प्रार्थना पत्रों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नफीस सिस्टम को लक्सर और रुड़की क्षेत्र में भी लागू करने के निर्देश दिए गए।

करीब 11 माह पुराने वसीम हत्याकांड के खुलासे और लक्सर गोलीकांड में आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी पर पुलिस कप्तान ने संबंधित टीमों की सराहना की।

बैठक में एसपी अपराध व यातायात जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, एएसपी ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सम्मानित किए गए पुलिसकर्मियों में कोतवाली नगर से कांस्टेबल दिनेश धामी, थाना श्यामपुर से हेड कांस्टेबल बृजमोहन और कांस्टेबल तेजेन्द्र सिंह, कनखल से कांस्टेबल उमेद सिंह, जबकि कोतवाली ज्वालापुर से उप निरीक्षक रविन्द्र जोशी और कांस्टेबल दिनेश कुमार को सम्मान मिला।

थाना बहादराबाद से उप निरीक्षक जगमोहन सिंह, कोतवाली रानीपुर से कांस्टेबल सुमन डोबाल, थाना सिड़कुल से उप निरीक्षक अनिल बिष्ट और कोतवाली रुड़की से कांस्टेबल सुरेश तोमर को उनके कार्य के लिए सराहा गया।

कोतवाली गंगनहर से कांस्टेबल राहुल कुमार और अर्जुन सिंह, थाना कलियर से कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, कोतवाली लक्सर से उप निरीक्षक विपिन कुमार तथा थाना पथरी से कांस्टेबल अनिल पंवार को “मैन ऑफ द मंथ” चुना गया।

थाना खानपुर से अपर उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, कोतवाली मंगलौर से कांस्टेबल सुधीर, थाना झबरेड़ा से हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, थाना भगवानपुर से कांस्टेबल राकेश और थाना बुग्गावाला से अपर उप निरीक्षक बलवीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

कार्यालय क्षेत्राधिकारी नगर से कांस्टेबल उपेन्द्र कुमार, सीआईयू रुड़की से हेड कांस्टेबल मनमोहन भण्डारी, दूरसंचार शाखा से महिला हेड कांस्टेबल रितिका सिंह, फायर सर्विस रुड़की से फायरमैन हरीश चन्द्र और पुलिस लाइन हरिद्वार से अपर उप निरीक्षक बचन सिंह को चयनित किया गया।

आईआरबी द्वितीय से कांस्टेबल अर्जुन सिंह, अभियोजन कार्यालय से हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, यातायात हरिद्वार से कांस्टेबल टीपी आनंद नौटियाल, सीपीयू हरिद्वार से हेड कांस्टेबल अरविन्द गिल और संजय उनियाल को भी सम्मान मिला।

इसके अलावा एएनटीएफ से हेड कांस्टेबल राजवर्धन और गौ वंश संरक्षण स्क्वाड से कांस्टेबल पवन कुमार को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।



