हरिद्वार

“अजीत डोभाल पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, रुड़की में राहुल गांधी पर बरसे नेता..

कॉन्फ्रेंस में प्रदीप बत्रा समेत भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल, कहा— उत्तराखंड के वीर सपूतों के सम्मान से समझौता नहीं..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने इसे उत्तराखंड के स्वाभिमान, गौरव और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के प्रति राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग भी की।कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अजीत डोभाल ने अपनी कार्यक्षमता, साहस और समर्पण से राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे व्यक्तित्व पर व्यक्तिगत कटाक्ष करना राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों और राष्ट्रसेवकों की भूमि है, जहां देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की गौरवशाली परंपरा रही है। ऐसे में प्रदेश के गौरव से जुड़े व्यक्तित्वों के सम्मान का विषय जनभावनाओं से भी जुड़ जाता है।कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर उठाए सवाल……
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख एवं उत्तराखंड के गौरव स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत के लिए कथित तौर पर ‘सड़क का गुंडा’ शब्द इस्तेमाल किए जाने के प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अजीत डोभाल को लेकर की जा रही टिप्पणियां भी इसी तरह की राजनीतिक सोच को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और आलोचना का अधिकार है, लेकिन राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान और मर्यादा का ध्यान रखना भी जरूरी है।वीर सपूतों के सम्मान पर स्पष्ट करे कांग्रेस : मधु सिंह……
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रभक्ति, सैन्य परंपरा और वीर सपूतों के त्याग से है। अजीत डोभाल और स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत प्रदेश की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से सवाल किया कि क्या वे राहुल गांधी की टिप्पणियों से सहमत हैं या उत्तराखंड के गौरवशाली सपूतों के सम्मान में अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राष्ट्रहित और अपने वीर सपूतों के सम्मान को लेकर हमेशा सजग रही है।भाजपा नेताओं ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और अन्य सुरक्षा अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद जिम्मेदार भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी का औचित्य स्पष्ट करने की मांग की। प्रेस वार्ता का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, अंकित गौतम और अमित प्रजापति सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!