
हरिद्वार: दिल्ली से गंगा दर्शन को हरिद्वार आये पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई। पत्नी ने गुस्से में अनाप शनाप बोल दिया। कोई एक बात पति के दिल को लग गई और उसने गंगा में छलांग लगा दी। बस फिर क्या था… एक पल में ही विवाहिता का सुहाग उजड़ गया।
दरअसल कनखल क्षेत्र में मातृ सदन के पीछे गंगा में एक युवक का शव बहकर पहुंचा। पुलिस ने शव की पहचान कराने की पुरजोर कोशिश की, पर कोई भी उसको पहचान ना सका। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इसी बीच एक महिला और उसका परिवार पुलिस के पास पहुंचा और शव की शिनाख्त दिल्ली निवासी युवक के रूप में की। इसके बाद महिला ने जो कहानी बताई, उसे सुनकर हर कोई गमजदा हो गया। महिला ने बताया कि गंगा घाट पर उसका पति से विवाद हो गया था, कहासुनी होने पर पति ने गंगा में छलांग लगा दी थी। एसएचओ कनखल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि शव दिल्ली निवासी परिजनों को सौंप दिया गया है।