
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: पंडिताई का काम करने वाले एक युवक ने अपने पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया। युवक ने सुबह-सुबह पहले तो पूजा पाठ की इसके बाद अपनी 75 साल की मां, 36 साल की पत्नी और 13 साल, 11 साल व 9 साल की तीन बेटियों का गला काट डाला। उसके बाद उसने चुप्पी साध ली। अपने यह परिवार के 5 लोगों की नृशंस हत्या से हड़कंप मच गया। अभी तक की छानबीन में सुबह नाश्ते के बाद मामूली विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। लेकिन पुलिस तंत्र मंत्र सहित हर एंगल से छानबीन में जुट गई है।
डोईवाला के पास रानीपोखरी के नागाघेर में महेश कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी -इलाहाबाद रोड थाना अतरहा जिला बांदा उत्तर प्रदेश वह कई वर्ष से परिवार के साथ रहता आ रहा था। वह पंडिताई का काम करता था और कुछ दिन पहले ही उसने अपना घर बना लिया था। आज सुबह पूजा पाठ करने के बाद उसने अपनी 75 वर्षीय मां बीतन देवी, 36 वर्षीय पत्नी नीतू देवी, 13 वर्ष की पुत्री अपर्णा, 11 वर्ष की पुत्री स्वर्णा और नौ वर्ष की पुत्री अन्नपूर्णा का गला रेत कर हत्या कर डाली। मरने से पहले इन सभी के हाथ-पांव बांधे गए थे। आस-पास वालों को भी भनक नहीं लग पाई। हत्या की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। डीआइजी गढ़वाल करण सिंह नाग्नयाल, पुलिस कप्तान दिलीप सिंह कुंवर, एसपी देहात कमलेश उपाध्याय और एसपी क्राइम विशाखा भड़ाणे समेत पुलिस अधिकारी मौके पर छानबीन में जुटे हुए हैं। आरोपी से पूछताछ करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन वह चुप्पी साधे हुए है। आस-पास रहने वाले उसके परिवार को रिश्तेदारों को भी बुलाया गया है। उनसे भी आरोपी के बारे में जानने का प्रयास किया जा रहा है।