
पंच👊नामा
रुड़की: हज यात्रा पर भेजने का झांसा देकर करीब 40 लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंट ने प्रति व्यक्ति 1.11 लाख रुपये एडवांस लेकर हज यात्रा कराने का भरोसा दिया, लेकिन अब ईरान-इजरायल युद्ध का हवाला देकर यात्रियों को भेजने से साफ इनकार कर रहा है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बंदा रोड निवासी अब्दुल समद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह हज यात्रा पर जाना चाहता था। इसी दौरान गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंपनी के एजेंट से संपर्क हुआ, जिसने 1.11 लाख रुपये में हज यात्रा कराने का भरोसा दिया। एजेंट की बातों में आकर उसने करीब दो माह पहले तय रकम उसे दे दी।
पीड़ित के अनुसार, उसके अलावा करीब 40 अन्य लोगों से भी हज यात्रा के नाम पर लाखों रुपये की रकम ली गई। जब हाल ही में यात्रियों ने हज यात्रा की तैयारी और रवाना करने के बारे में पूछा तो एजेंट ने बताया कि ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के चलते अभी हज यात्रा पर भेजना संभव नहीं है।
आरोप है कि जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो एजेंट ने कुछ दिन बाद पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब फोन उठाना बंद कर दिया है। इससे सभी पीड़ित परेशान हैं और अपने पैसे वापस मिलने की उम्मीद में पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
सिविललाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



