
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के पड़ोस में हुए गोलीकांड और बवाल में 10 हजार का इनामी भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा आखिरकार पुलिस के हाथ आ ही गया। ज्वालापुर पुलिस और हरिद्वार एसओजी की टीम ने अंबाला में हरियाणा पुलिस की मदद से विष्णु को धर दबोचा। हरिद्वार लाकर उससे घंटों तक पूछताछ की गई है जल्दी उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। सूत्र बताते हैं कि विष्णु ने पूछताछ में अपने फरार साथियों के ठिकानों के बारे में भी पुलिस को बताया है। जल्द ही कई और गिरफ्तारियां होंगी।
तीन मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे विष्णु और उसके साथियों पर पुलिस शिकंजा कसती जा रही है। 5 दिन पहले पुलिस कप्तान डा योगेंद्र सिंह रावत ने विष्णु अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, लकी भदोरिया, कुन्नू पहाड़ी और नोनी पेवल की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बावजूद हाथ नहीं आने पर पुलिस ने दो दिन पहले ही इन पांचों इनामियों के गैर जमानती वारंट भी कोर्ट से हासिल कर लिए थे। इतना ही नहीं चल रही कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली थी। इस बीच विष्णु अरोड़ा के अंबाला में छिपे होने की सूचना पर ज्वालापुर पुलिस और हरिद्वार एसओजी की एक टीम ने हरियाणा पुलिस की मदद से छापा मारते हुए आरोपी विष्णु अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी और रेल चौकी प्रभारी प्रवीण रावत ने आरोपी से उसके फरार साथियों के बारे में भी पूछताछ की है। कागजी कार्रवाई के बाद उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। जानलेवा हमला, वसूली और बलवा आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के चलते कोर्ट से उसका जेल जाना तय माना जा रहा है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विष्णु अरोड़ा को गिरफ्तार कर हरिद्वार की लाया गया है, उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।