उत्तराखण्ड पुलिस के 1249 हैड कांस्टेबल बने अपर उपनिरीक्षक..
ग्रेड पे की मांग का समाधान निकालने का दावा, पुलिसकर्मियों में मिली जुली प्रतिक्रिया..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पुलिसकर्मियों के ग्रेड पे की मांग के बदले 1249 हेड कांस्टेबल को प्रमोशन देकर अपर उपनिरीक्षक बनाया गया है। डीजीपी अशोक कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिस कर्मियों को बधाई दी है। दूसरी तरफ इस मामले को लेकर पुलिसकर्मियों में मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सूत्र बताते हैं कि ग्रेड पे की मांग करने वाले कुछ पुलिसकर्मी इससे संतुष्ट नहीं है।

वहीं, देहरादून में डीजीपी अशोक कुमार ने प्रमोशन पाने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रेड-पे की समस्या का समाधान करते हुए अपर उपनिरीक्षक का नया पद सृजित करते हुए 1750 पद स्वीकृत किये गये थे। इसके बाद विभागीय चयन समिति द्वारा प्रमोशन के लिए 1249 हेड कांस्टेबल उपयुक्त पाए गए, जिन्हें अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गयी है। अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ा है। नए विवेचक मिलने से विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही सभी कांस्टेबल कम से कम अपर उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त होंगे। बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस की विभिन्न शाखा/इकाईयों से कुल 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक *(नागरिक पुलिस पुरूष- 328, नागरिक पुलिस महिला- 32, अभिसूचना- 58, सशस्त्र पुलिस- 377, पी0ए0सी0- 422, एम0टी0- 23, आरमोरर- 07, घुड़सवार- 02)* बने हैं।
————————————-
19 कर्मचारियों का प्रमोशन रुका…..
विभागीय कार्यवाही के चलते 19 कर्मियों का प्रमोशन रुका है। पदोन्नति के लिए हेड कांस्टेबल पद पर दो वर्ष की सेवा की आर्हता होने के कारण 482 हेड कांस्टेबल अपर उपनिरीक्षक के पद के लिए आर्ह नहीं हो पाए, जिस कारण यह पद रिक्त रह गए हैं। शासन से शिथिलीकरण लेकर इन पदों को भी भरने के प्रयास किये जाएंगे। इसके साथ ही लगभग 3000 कांस्टेबलों की हैड कांस्टेबल पद पर एक सप्ताह में पदोन्नति कर दी जाएगी।