रजिस्ट्रेशन के नाम पर ई-रिक्शा चालकों से वसूली, यूनियनबाजों पर कार्रवाई की तैयारी..
रूट को लेकर ट्रेफिक इंस्पेक्टर कार्यालय में मुफ्त रजिस्ट्रेशन कराएं ई-रिक्शा चालक..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए रूट निर्धारित होने पर अब कुछ यूनियनबाज ई-रिक्शा चालकों से वसूली करने में जुट गए हैं।

निर्धारित रूटों पर रजिस्ट्रेशन के नाम पर उनसे अवैध वसूली की शिकायतों पर पुलिस सक्रिय हो गई है। एसपी क्राइम व यातायात रेखा यादव ने शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही ई-रिक्शा चालकों को यह बताया गया है कि यातायात निरीक्षक कार्यालय में वह निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के नाम पर कोई संगठन या यूनियन उनसे पैसे की डिमांड करता है तो वह पुलिस से शिकायत कर सकते हैं।

शहर में हजारों की तादाद में सड़कों पर दौड़ती ई-रिक्शाओं के कारण यातायात व्यवस्था पटरी हो रही थी।

पुलिस कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर के अंदरूनी यातायात व्यवस्था को सुधारने का बीड़ा उठाया और ई-रिक्शाओं के लिए रूट निर्धारित किए हैं। इन रूटों पर कलर के हिसाब से ई रिक्शा संचालित किए जाएंगे। कमल दास कुटिया भूपतवाला स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में ई-रिक्शा चालकों को यातायात निरीक्षक के कार्यालय में रजिस्ट्रेशन के लिए कहा गया है। लेकिन ऐसा सामने आया है कि यूनियन से जुड़े कुछ लोग रजिस्ट्रेशन के नाम पर ई रिक्शा चालकों से अवैध वसूली करने में जुट गए हैं।

एसपी क्राइम व यातायात रेखा यादव ने बताया कि ई रिक्शा चालकों के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। पुलिस की ओर से किसी संगठन या यूनियन को लेकर कोई अनिवार्यता लागू नहीं की गई है। यदि किसी ई रिक्शा चालक से कोई संगठन या यूनियन का व्यक्ति रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे की डिमांड करता है तो उसकी शिकायत पुलिस से करें। तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।