
पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने जनपद में पेशेवर अपराधियों की रीढ़ तोड़ने के लिए उनकी करोड़ों की संपत्तियां जब्त करने की तैयारी पूरी कर ली है।

पुलिस कप्तान अजय सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने नशे के बड़े सौदागरों, नकली दवाओं के सरगना और धोखाधड़ी के मास्टर बहन-भाइयों सहित नौ आरोपियों और उनकी संपत्तियों को चिह्नित किया है।

बैंक बैलेंस तक की पूरी जानकारी जुटाई गई है। गैंगेस्टर एक्ट में इनकी लगभग 9 करोड़, 60 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।

जिलाधिकारी की हरी झंडी मिलते ही दो नंबर के धंधे से जुटाई गई करोड़ों की संपत्ति सरकार के खाते में जमा हो जाएगी। कार्रवाई से पेशेवर अपराधियों, गुंडा तत्वों और माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पेशेवर अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के लिए नौ आरोपियों को चिह्नित किया गया है।

उनकी संपत्तियों का भी पूरा डाटा जुटाया गया है। इनकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। इनके अलावा अन्य जरायम व पेशेवर अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है।
—————————————-
ये हैं चिह्नित आरोपी….
1- राजा उर्फ इरफान पुत्र अशरफ निवासी ग्राम दादूपुर गोविन्दपुर रानीपुर। आबकारी अधि0 एवं एनडीपीएस एक्ट का आदतन अपराधी। सम्पत्ति: 20 लाख रुपए (प्लाट – 12 लाख, बोलेरो कार – 8 लाख)
——————————–
2- कपिल त्यागी पुत्र बृजमोहन निवासी ग्राम करोन्दी थाना भगवानपुर व 3- प्रवीण त्यागी पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम इकड़ी थाना सरघना जनपद मेरठ हाल निवासी आर्यनगर गणेशपुर रुड़की, दोनों आरोपी अभियुक्त नकली दवाई बनाने के गैंग का सदस्य है। सम्पत्ति 1 करोड़ 72 लाख रुपए (जमीन – 85 लाख, मशीनें – 80 लाख, वाहन – 7 लाख)
———————————–
4- आरोपी सुभान पुत्र खलील निवासी मौहल्ला पटाचौक कस्बा लंढौरा मंगलौर, एनडीपीएस एक्ट का आदतन अपराधी है। सम्पत्ति: 1 करोड़ 80 लाख 19 हजार रुपए (जमीन – 1 करोड़ 76 लाख 59 हजार, वाहन – 2 लाख 50 हजार, बैंक खाते- 01 लाख 10 हजार)
———————————–
5- विशाल पुत्र विलाश निवासी सिराज गांव कस्बा चांदूर बाजार अमरावती महाराष्ट्रा हाल निवासी आनन्द विहार मक्खनपुर थाना भगवानपुर व अभियुक्त पंकज पुत्र साधुराम निवासी बहादरपुर थाना भगवानपुर, दोनों आरोपी नकली दवाई बनाने के गैंग में शामिल हैं। सम्पत्ति: 4 करोड़ 44 लाख 94 हजार रुपए (जमीन – 4 करोड़ 20 लाख 34 हजार, वाहन – 22 लाख 50 हजार, बैंक खाते- 02 लाख 10 हजार)
————————————
7- अजय नोटियाल पुत्र मीर सिंह निवासी टिक्कमपुर कोतवाली लक्सर।
8- विजय नोटियाल पुत्र मीर सिंह निवासी टिक्कमपुर कोतवाली लक्सर।
9- रेणू पुत्री मीर सिंह निवासी टिक्कमपुर कोतवाली लक्सर। तीनों भाई-बहन धोखाधड़ी के मास्टर हैं, नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों को ठगने के मामले में पिछले दिनों गिरफ्तार हुए थे, सम्पत्ति: 1 करोड़ 43 लाख 53 हजार रुपए (जमीन – 1 करोड़ 15 लाख 91 हजार, वाहन- 27 लाख 50 हजार, बैंक खाते- 12 हजार)