घायल पप्पी को देख द्रवित हुई मित्र पुलिस, खुद दिया प्राथमिक उपचार..
उपनिरीक्षक सत्येंद्र नेगी, कांस्टेबल मानेश्वर ने पेश की दया भाव की मिसाल..

पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
उत्तराखंड डेस्क: चारधाम यात्रा सीजन में देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सेवा में जुटी उत्तराखंड पुलिस ने दया-भाव और इंसानियत की एक मिसाल पेश की है। टिहरी जिले के कैम्पटी क्षेत्र में एक वाहन चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक पप्पी को घायल कर दिया। दर्द से कराह रहे पप्पी को देखकर थाना कैम्पटी में तैनात उपनिरीक्षक सत्येंद्र नेगी का ह्रदय द्रवित हो उठा। उन्होंने कांस्टेबल मानेश्वर चौहान के साथ मिलकर पप्पी का इलाज कराने का प्रयास किया। लेकिन आस-पास कोई डॉक्टर नहीं था। तब दोनों पुलिसकर्मियों ने मिलकर थाने पर खुद ही पप्पी को प्राथमिक उपचार दिया।
दोनों मिलकर उसकी देखभाल भी कर रहे हैं। पप्पी ने राहत महसूस की है। दोनों पुलिसकर्मियों ने डीजीपी अशोक कुमार की खाकी में इंसान और मित्र पुलिस की अवधारणा को साकार किया है। आमजन ने उनकी प्रशंसा की है।