
पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
विकास कुमार, हरिद्वार: हरकी पैड़ी क्षेत्र में हाथी पुल पर सो रहे युवक के सिर में गोली मारकर हत्या की घटना का चंद घंटों में पर्दाफाश करने के 12 घंटे के भीतर कत्ल की एक और वारदात ने हरिद्वार पुलिस के सामने नई चुनौती पेश कर दी।

कनखल के बैरागी कैंप में रिटायर्ड सिंचाई कर्मचारी की गला रेतकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस कप्तान अजय सिंह, एसपी क्राइम रेखा यादव सहित आला अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस और एसओजी की टीम हत्यारोपी की तलाश में जुटी है। एक टीम केयर टेकर से भी पूछताछ कर रही है।
—————————————-
“यात्रियों को किराये पर देते थे कमरे…….
शिवलोक कॉलोनी निवासी डा. अशोक चड्ढा 77 वर्ष सिंचाई विभाग से रिटायर्ड थे। उन्होंने कनखल के बैरागी कैंप क्षेत्र में सेवाश्रम बनाया हुआ था। जिसमें यात्रियों और श्रद्धालुओं को किराये पर कमरे दिए जाते थे। देखरेख के लिए नरेंद्र नामक एक केयर टेकर रखा हुआ था। नरेंद्र का कहना है कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह गंगा जी में मिट्टी लेने गया था। करीब सवा पांच बजे लौटा तो अशोक चड्ढा का खून से लथपथ शव बाथरूम में पड़ा हुआ था।
—————————————-
“रोजाना शाम सेवाश्रम जाते थे चड्ढा……
हत्या की सूचना पर कनखल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हत्या की खबर पर एसएसपी अजय सिंह, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, सीओ सिटी जूही मनराल ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
अशोक चड्ढा की बेटी दीप्ति ने पुलिस को बताया कि उसके पिता रोजाना शाम के समय सेवाश्रम में आते थे। पुलिस ने केयर टेकर नरेंद्र से भी पूछताछ की है। वहीं, एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हर एंगल पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।