
पंच👊नामा
रुड़की: मंगलौर से बहुजन समाज पार्टी के विधायक सरवत करीम अंसारी का निधन हो गया है। वे 66 वर्ष के थे और लंबे समय से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ महीने पहले ही मुंबई में भी उनका इलाज हुआ था। सोमवार की सुबह सरवत करीम अंसारी का निधन हो गया। जिससे पूरे कस्बे व आस पास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश के कई बड़े राजनेताओं और सामाजिक संगठनों ने विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन पर शोक जताया है।

—————————————-
“3 दिन से वेंटिलेटर पर थे अंसारी…..
विधायक सरवत करीम अंसारी की हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली ले जाया गया था। ऐसा बताया गया है कि वह 3 दिन से वेंटिलेटर पर थे और उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। दिल्ली स्थित अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली है।
—————————————-
“उतार चढ़ाव से भरा रहा राजनीतिक सफर……

बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी का राजनीतिक सफर लगातार उतार-चढ़ाव से भरा रहा। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में सरवत करीम अंसारी पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने। कांग्रेस के दिग्गज नेता काजी निजामुद्दीन से उनका हमेशा से कड़ा मुकाबला रहा। पहले चुनाव में उन्होंने काजी निजामुद्दीन को महज 698 वोट से हराया। साल 2017 के चुनाव में काजी निजामुद्दीन से उन्हें 2668 वोट से शिकस्त हासिल हुई लेकिन साल 2022 के चुनाव में कांटे की टक्कर के बीच सरवत करीम ने फिर से वापसी करते हुए महज 598 वोट से जीत हासिल की।

2012 में पहली बार विधायक बनने पर सरवत करीम अंसारी को कांग्रेस सरकार में बसपा कोटे से मंत्री दर्जे का पद भी मिला था। सरवत करीम अंसारी की क्षेत्र में पहचान बेबाक नेता के रूप में होती थी। जानकारों के मुताबिक, कुछ समय से सरवत करीम अंसारी दिल की बीमारी के कारण परेशान थे। दिल्ली-मुंबई के बड़े अस्पतालों में उनका उपचार भी चल रहा था। सोमवार की सुबह दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
—————————————-
“घर पर जमा हुए समर्थक…..

इस खबर पर पूरे कस्बे समेत आसपास के इलाकों से उनके घर लोगों का जमावड़ा लग गया। बड़ी तादाद में समर्थकों ने उनके निधन पर अफसोस जताते हुए श्रद्धांजलि दी। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने इस पार्टी के लिए बड़ा झटका बताया है।

गौरतलब है कि जिले में फिलहाल पार्टी के दो ही विधायक थे। पहले लक्सर विधायक शहजाद और दूसरे नंबर पर सरवत करीम अंसारी।

—————————————-
“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जताया दुख…..
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलौर विधानसभा से विधायक व बसपा नेता सरवत करीम अंसारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सरवत करीम अंसारी के पुत्र से फोन पर बात कर उन्हें ढांढस भी बंधाया।—————————————-
“राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई…..
रुड़की: मंगलौर विधायक हाजी सरवत करीम अंसारी की मौत के बाद हरिद्वार एसएसपी व प्रशासनिक अधिकारियों ने राजकीय सम्मान के साथ उनको अंतिम विदाई दी। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। दरअसल आज सुबह दिल्ली स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलौर विधायक हाजी सरवत करीम अंसारी को मृत घोषित कर दिया था। दोपहर उनके शव को मंगलौर आवास पर लाया गया।
शव के आगमन की सूचना पर शासन एवं प्रशासन के तमाम ऑफिसर्स के साथ एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल मृतक को श्रद्धांजली देने मौके पर पहुंचे। इस दौरान हरिद्वार पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल व अन्य ऑफिसर्स ने
पुष्पचक्र भेंट कर स्वर्गिय विधायक को अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया। इस मौके पर हरिद्वार सीडीओ प्रतीक जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की अभिनव शाह, एसपी देहात स्वप्न किशोर आदि मौजूद रहे।