कंपनी में भर भराकर गिरी दीवार, मलबे में दबे चार मजदूर, एक की मौत..
नई दीवार बनाने के दौरान गिरी पुरानी दीवार, पुलिस अमला मौके पर, घायल मजदूरों की हालत भी नाजुक..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र की कंपनी में दीवार गिरने से चार मजदूर दब गए। जिससे अफरा तफरी मच गई। किसी तरह मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां एक मजदूर की मौत हो गई घायल दो मजदूरों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया है और मृतक व घायल मजदूरों की शिनाख्त कराते हुए हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है।
————————————–
सिडकुल में कचहरी चौक के पास धागा बनाने वाली एल्पस कंपनी का एक हिस्सा कुछ दिन पहले मिल्टन कंपनी ने लिया है। जबकि आधा हिस्सा एक दूसरी कंपनी ने खरीदा है। मिल्टन कंपनी की ओर से अपने हिस्से में एक दीवार बनाई जा रही थी। मंगलवार शाम करीब चार बजे निर्माणाधीन दीवार के समीप स्थित हीरो कंपनी की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। जिसमें चार मजदूर दब गए।
आनन-फानन में उन्हें औद्योगिक क्षेत्र की एक अस्पताल ले जाया गया। जहां एक मजदूर की मौत हो गई। सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मिल्टन कंपनी के पास से लगी हुई हीरो कंपनी की दीवार गिरने से हादसा हुआ है। मृतक की पहचान प्रमोद मंडल पुत्र कदम लाल मंडल निवासी ग्राम धुर गांव थाना पलासी जिला अररिया राज्य बिहार उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
जबकि सुनीला पुत्र रमेश सिंह निवासी बिलवा थाना व जिला किशनगंज राज्य बिहार उम्र 24 वर्ष, लुखी पत्नी रूबी सिंह निवासी बिलवा थाना व जिला किशनगंज बिहार व बुधीन पुत्री टुडू निवासी मुजावड़ी घाट थाना कोचा दमन जिला किशनगंज बिहार उम्र 20 वर्ष घायल हुए हैं।