
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भाजपा में लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर कसरत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आज रात या कल सुबह तक किसी भी समय प्रत्याशियों के नाम का ऐलान हो सकता है। हालांकि, इससे पहले ही संभावित प्रत्याशियों की कई सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

उत्तराखंड में 27 फरवरी को पार्टी की प्रांतीय चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में दावेदारों के नाम पर चर्चा हुई। इसके बाद पांचो सीटों के लिए पैनल 55 नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया।

लोकसभा सीटवार बनाए गए दावेदारों में पांच से नौ नाम शामिल हैं। इनमें हरिद्वार और पौड़ी सीट पर भले ही वर्तमान सांसद के तौर पर रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत का नाम पैनल में शामिल किया गया है। लेकिन पार्टी से जुड़े सूत्र बता रहे हैं इन दोनों ही सीटों पर मौजूदा सांसदों का टिकट कटना लगभग तय है।

हरिद्वार सीट पर पार्टी यदि मैदानी प्रत्याशी पर दांव लगती है तो पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का नाम सबसे ऊपर है। दूसरी स्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम बहुत तेजी से आगे आया है।

पौड़ी सीट पर अनिल बलूनी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में उत्तराखंड से भेजे गए पैनल पर भी सीटवार चर्चा हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रांतीय अध्यक्ष भट्ट भी उपस्थित रहे।

टिकट किसे मिलेगा और किसी नहीं, इसे लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी, लेकिन तब तक पार्टी नेतृत्व की कवायद से पांचों लोकसभा सीटों पर गहमा-गहमी चरम पर है। दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
लोकसभा सीटवार प्रमुख दावेदार……..

हरिद्वार:- वर्तमान सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद व मदन कौशिक व पूर्व विधायक संजय गुप्ता, यतींद्रानंद गिरि।

पौड़ी गढ़वाल:- वर्तमान सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत व प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, राज्य सरकार में मंत्री सतपाल महाराज व डा धन सिंह रावत, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय।

टिहरी:- वर्तमान सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्य सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, पूर्व मंत्री लाखीराम जोशी, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, ऋषिराज डबराल, रविंद्र जुगरान, कुंवर जपेंद्र सिंह, मनवीर चौहान।

नैनीताल:- वर्तमान सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक एवं पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह, दीप कोश्यारी, राजेंद्र बिष्ट।

अल्मोड़ा:- वर्तमान सांसद अजय टम्टा, राज्य सरकार में मंत्री रेखा आर्या, विधायक फकीर राम, पूर्व विधायक मीना गंगोला।