निवर्तमान चेयरमैन राजीव शर्मा गुट के भाजपाइयों की पालिका दफ्तर में गुंडागर्दी, ईओ से हाथापाई, जमकर हंगामा..
सत्ता की हनक में बौखलाए भाजपाइयों ने महिलाकर्मियों से भी की अभद्रता, रानीपुर कोतवाली में तहरीर, उठ रही मुकदमा दर्ज करने की मांग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शिवालिकनगर पालिका का कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन निवर्तमान चेयरमैन राजीव शर्मा गुट के भाजपाई अभी तक पालिका का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं।

सत्ता के मद में चूर भाजपाइयों ने पालिका दफ्तर में अधिशासी अधिकारी से ही अभद्रता कर डाली गली।

गाली गलौच के बाद धक्का मुक्की करने के बाद ईओ से हाथापाई की गई। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली पार्टी के युवा तुर्कों ने महिला कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा।

अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार सहित पीड़ित कर्मचारियों ने रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसको देखते हुए लोग आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
—————————————-
पथ प्रकाश बहाना, पर्दे के पीछे की कहानी कुछ और……

इन दिनों नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य चल रहा है।

गुरुवार को देर रात शिवालिक नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी की अगुवाई में भाजपाई एकत्र होकर शिवालिक नगर पालिका कैंपस जा पहुंचे।

आरोप हैकि भाजपाईयों ने पथ प्रकाश की व्यवस्था को उनके मन मुताबिक न किए जाने को लेकर अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार से अभद्रता शुरू कर दी।

ईओ ने जब उन्हें रोकना चाहा, तब उनके साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की की गई। आरोप है कि भाजपाईयों ने बीच बचाव में आई महिला कर्मचारियों से भी अभद्रता कर दी।

सिक्योरिटी गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस के पहुंचने पर भाजपाई खिसक गए। ऐसा बताया गया है कि पथ प्रकाश व्यवस्था का बहाना बनाया गया है, लेकिन पर्दे के पीछे की कहानी कुछ और है।

ऐसी भी चर्चा है कि राजीव शर्मा के पालिका अध्यक्ष रहने के दौरान मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी का दखल अधिकांश ठेकों में रहता था।

पालिका के कर्मचारियों पर भी चेयरमैन की तरह ही हुकुम चलाता था। कर्मचारी दबी जुबान से स्वीकार करते हैं कि पालिका अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने के बाद भंडारी अपना वही रुतबा जमाना चाहता है।

—————————————-
इनके खिलाफ दी गई तहरीर…..
पूरे घटनाक्रम को लेकर कर्मचारियों ने रानीपुर कोतवाली में मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंशुल शर्मा, देव विख्यात भाटी, गौरव गुर्जर, वेदांत चौहान समेत अज्ञात भाजपाईयों के खिलाफ लिखित में शिकायत दी है, पर पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं समझा है।

हैरानी की बात यह है कि सरकारी कर्मचारियों की शिकायत के बाद पुलिस का यह रवैया है। वहीं, रानीपुर कोतवाली प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।