
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: देहरादून पुलिस ने नकबजनी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दिल्ली के कुख्यात ‘मुन्ना गैंग’ के सरगना समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का सरगना राशिद खान उर्फ सोनू दिल्ली का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार बरामद की है।
दरअसल 16 फरवरी को शांति विहार, अजबपुर कला निवासी विजय सिंह पटवाल ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी कि उनके घर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के सिक्के और घड़ियां चोरी कर ली गई हैं। इसी तरह, क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में भी एक बंद घर से चोरी की वारदात सामने आई।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कप्तान अजय सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए।
मुखबिर की सूचना पर पता चला कि दिल्ली का एक कुख्यात गिरोह देहरादून में वारदात को अंजाम देने के बाद ठिकाने तलाश रहा है। पुलिस ने फौरन जाल बिछाया और 17 फरवरी को दूधली रोड से तीनों बदमाशों को धर दबोचा।
———————————–
गिरफ्तार आरोपी….
1:- राशिद खान उर्फ सोनू (गैंग लीडर) – 30 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली।
2:- फैजान – 24 वर्ष, निवासी पूर्वी विनोद नगर, दिल्ली।
3:- अमन उर्फ अमान – 23 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली।
———————————–क्या-क्या बरामद हुआ….
नेहरू कॉलोनी चोरी का सामान: ₹13,500 नकद, तीन चांदी के सिक्के, दो टाइमैक्स घड़ियां, एक चापड़, एक सरिया, दो रेंच, दो पेचकस और वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार (DL-08-CY-8083)
———————————–
क्लेमेंटटाउन चोरी का सामान:- तीन चांदी के सिक्के, दो जोड़ी चांदी के बिछुए।
———————————–
राशिद खान का आपराधिक रिकॉर्ड….राशिद खान पर दिल्ली के कई थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और पोक्सो एक्ट तक के 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें मयूर विहार, कालकाजी, अमर कॉलोनी, सरिता विहार, स्पेशल सेल और विकासपुरी थानों में उसके खिलाफ केस दर्ज हैं। फैजान भी पहले चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
———————————–
पुलिस की कार्रवाई….एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने इस गिरोह की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की। टीम में शामिल अधिकारी संजीत कुमार (थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी) प्रवीण पुंडीर (चौकी प्रभारी बाईपास) और अन्य पुलिसकर्मियों ने तकनीकी और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए अपराधियों तक पहुंच बनाई।
————————————–
पुलिस का दावा….
देहरादून पुलिस का कहना है कि यह गैंग शहर में कई और वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था। इनकी गिरफ्तारी से दून में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।