भेल मध्य मार्ग पर खोखले और जर्जर पेड़ों की जगह 600 नए पेड़ लगाने के लिए शुरू किया अभियान..
हरियाली और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भेल की शानदार पहल, नगर प्रशासक संजय पंवार ने किया शुभारंभ..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भेल मध्य मार्ग पर हादसे के बाद आमजन की सुरक्षा को देखते हुए एक तरफ खोखले और जर्जर पेड़ों को काटकर हटाया जा रहा है। दूसरी तरफ, भेल ने पर्यावरण संतुलन के मद्देनजर उनकी जगह 600 नए पेड़ लगाने के लिए पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया है। हरिद्वार इकाई के महाप्रबंधक व प्रमुख रंजन कुमार के दिशा निर्देशन में मंगलवार को भेल नगर प्रशासक संजय पंवार ने अभियान का शुभारम्भ किया। नगर प्रशासन विभाग, वन विभाग, हरिद्वार रेंज के कर्मचारियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
पिछले दिनों मध्य मार्ग पर एक खोखला पेड़ गिरने से स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई थी। जबकि उसकी बहन घायल हो गई थी। जिसके बाद हादसों का खतरा बन चुके जर्जर और खोखले पेड़ों को अभियान चलाकर काटा गया। मध्य मार्ग की हरियाली और क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन को देखते हुए भेल ने जर्जर व खोखले पेड़ काटने के साथ-साथ नए पेड़ लगाने का अभियान शुरू कर दिया।
मंगलवार को अभियान का शुभारंभ करने के दौरान उच्च प्रबंधन का संदेश साझा करते हुए भेल नगर प्रशासक संजय पंवार ने कहा कि हरित बीएचईएल पहल के अंतगर्त किया जा रहा ये वृक्षारोपण, प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। बताया कि आज पेड़ लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा कल सुनिश्चित कर सकते हैं।
बताया कि अभियान के तहत बीएचईएल मध्य मार्ग पर अर्जुन, पापड़ी, कचनार, अमलताश, हरसिंगार, सीता-अशोक व कदम के 600 से भी अधिक विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाए जाएंगे। भेल का यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करने वाला है।
जर्जर पेड़ों को हटाने और नए पेड़ों को लगाने का यह प्रयास दुर्घटनाओं को रोकने के साथ-साथ शहर के पर्यावरण को भी संरक्षित रखने के लिए एक स्थायी समाधान प्रदान करेगा। इस पहल के अंतर्गत, भेल यह सुनिश्चित करना चाहता है कि शहर में हरियाली बनी रहे, और साथ ही नागरिकों के जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।