
पंच👊नामा
रुड़की: लक्सर कोतवाली में दर्ज एक पुराने सड़क हादसे के मुकदमे से उपजी रंजिश ने बुधवार को खूनखराबे का रूप ले लिया।
डोसनी रेलवे फाटक के पास बाइक सवार 5–6 हमलावरों ने कार में सवार लोगों पर अचानक हमला बोल दिया। मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़ और बीच सड़क पर फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर चुंगी निवासी नवाब पुत्र महबूब की कार से करीब चार महीने पहले लक्सर क्षेत्र में सड़क हादसे के दौरान कुआं खेड़ा निवासी एक युवक की मौत हो गई थी।
इस मामले में लक्सर थाने में मुकदमा दर्ज है और तभी से हादसे में प्रयुक्त कार थाने में जब्त है।
बुधवार सुबह इसी मामले में नवाब को बयान दर्ज कराने के लिए लक्सर कोतवाली बुलाया गया था। नवाब अपने पिता महबूब, वहाब, रईस और साथी राशिद के साथ कार से लक्सर पहुँचे।
वहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी लोग कार से रुड़की लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही कार डोसनी रेलवे फाटक के पास पहुँची, दो अलग-अलग बाइकों पर सवार 5–6 युवक वहां आ धमके।
बाइक सवार, हमलावरों ने लोहे की रॉड व डंडों से कार के शीशे तोड़ डाले। कार सवारों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस बीच आरोप है फायर भी किया गया, जिससे आसपास दहशत फैल गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल नवाब, रईस और वहाब को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद भी अस्पताल पहुँचे जहा उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। डॉक्टरों से घायलों के इलाज के बारे में भी जानकारी ली।



