“हरिद्वार से बर्लिन तक सफलता की उड़ान: यश कुमार शर्मा ने हासिल की एमबीए (डिजिटल टेक्नोलॉजी) की डिग्री, परिवार में खुशी की लहर..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मेहनत, लगन और सपनों की उड़ान ने जब मुकाम छुआ तो हरिद्वार से लेकर जर्मनी के बर्लिन तक भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वरिष्ठ पत्रकार लव कुमार शर्मा के पुत्र यश कुमार शर्मा ने जर्मनी के बर्लिन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप से एमबीए (डिजिटल टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई पूरी कर डिग्री हासिल की। इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार को यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान यश कुमार शर्मा को औपचारिक रूप से डिग्री प्रदान की गई। उस समय एक भावुक दृश्य देखने को मिला—बर्लिन में जहां सुबह का उजाला फैल रहा था, वहीं हरिद्वार में रात के सन्नाटे के बीच पूरा परिवार जागकर सोशल मीडिया के जरिए बेटे की इस ऐतिहासिक घड़ी का साक्षी बन रहा था। समय की दूरी जरूर थी, लेकिन सफलता की खुशी ने हजारों किलोमीटर का फासला मिटा दिया। यश कुमार शर्मा ने डिजिटल टेक्नोलॉजी विषय में एमबीए किया। उनकी थीसिस यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर एंजिला लेनर्ट्ज और प्रोफेसर आइरिस लॉर्शिड के मार्गदर्शन में पूर्ण हुई।
इस मौके पर यश के दादाजी, पूर्व नौसैनिक बलबीर कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ते देखना हर अभिभावक के लिए गर्व का क्षण होता है। दादी आशा शर्मा ने बताया कि यश की शुरू से ही विदेश में पढ़ाई करने की इच्छा थी। उसने स्वयं यूनिवर्सिटी के विकल्प तलाशे और दाखिला लिया। आज उसकी मेहनत रंग लाई है, यह पूरे परिवार के लिए खुशी का विषय है। यश की माता सुमन शर्मा गृहणी हैं, जबकि छोटा भाई ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देहरादून से एमसीए की पढ़ाई कर रहा है। शैक्षिक यात्रा की बात करें तो यश कुमार शर्मा ने इंटर तक की पढ़ाई महर्षि विद्या मंदिर से पूरी की। इसके बाद बीबीए एचईसी से किया और फिर जर्मनी के यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप में एमबीए डिजिटल टेक्नोलॉजी में दाखिला लिया।
अपनी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर यश ने न सिर्फ अपना सपना पूरा किया, बल्कि परिवार और शहर का भी नाम रोशन किया। यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमाओं से आगे सोचने और वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने का सपना देखते हैं। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा सहित सभी पत्रकारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शर्मा परिवार को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।



