“उत्तराखंड का “बेस्ट पुलिस स्टेशन” बना ज्वालापुर कोतवाली, 26 जनवरी को राज्यपाल देंगे सम्मान..
गृह मंत्रालय ने किया चयन, कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशन में मिली उपलब्धि, कोतवाल कुंदन राणा को मिलेगा सर्टिफिकेशन ऑफ एक्सीलेंस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशन में बेहतर पुलिसिंग और सशक्त कानून व्यवस्था का परिणाम अब एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। गृह मंत्रालय भारत सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले वार्षिक चयन में इस साल हरिद्वार जनपद की कोतवाली ज्वालापुर को उत्तराखंड का बेस्ट पुलिस स्टेशन घोषित किया है।
इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को प्राप्त सूचना के अनुसार कोतवाली ज्वालापुर को उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के आधार पर चयनित किया गया है। चयन के साथ ही कोतवाली ज्वालापुर के तत्कालीन थाना प्रभारी कुंदन राणा को सर्टिफिकेशन ऑफ एक्सीलेंस प्रदान किया जाएगा।
आगामी गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर देहरादून के परेड मैदान में आयोजित समारोह के दौरान राज्यपाल खुद अपने हाथों से कोतवाली प्रभारी को यह सम्मान सौंपेंगे।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने इस उपलब्धि पर कोतवाली ज्वालापुर कुंदन सिंह राणा की पूरी टीम की सराहना करते हुए शाबाशी दी है। उन्होंने कहा कि अनुशासित कार्यशैली, अपराध नियंत्रण और जनसेवा में निरंतर सुधार के चलते यह सम्मान मिला है। यह उपलब्धि हरिद्वार पुलिस के लिए गौरव और अन्य थानों के लिए प्रेरणा है।
उपलब्धि पर एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, एएसपी ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी समेत जिले व प्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा, एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार सहित पूरी पुलिस टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
ऐसे होता है बेस्ट पुलिस स्टेशन का चयन….
गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ष देशभर में बेस्ट पुलिस स्टेशन की सूची जारी की जाती है। इस चयन का उद्देश्य पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को प्रोत्साहित करना होता है। चयन प्रक्रिया के तहत थानों के कार्यों का मूल्यांकन कई मानकों पर किया जाता है।
इसमें अपराध नियंत्रण की स्थिति, गंभीर अपराधों के खुलासे, लंबित मामलों का निस्तारण, जनता से व्यवहार, महिला एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा, साइबर व तकनीकी अपराधों पर कार्रवाई, कानून व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता और पुलिस थाने की समग्र कार्यप्रणाली शामिल होती है। इन सभी बिंदुओं पर उच्च स्तर का प्रदर्शन करने वाले थानों को राष्ट्रीय स्तर पर चुना जाता है। इसी प्रक्रिया में कोतवाली ज्वालापुर को उत्तराखंड का बेस्ट पुलिस स्टेशन घोषित किया गया है।



