हरिद्वार

“रोशनाबाद में निर्माणाधीन कंपनी पर उठे सवाल, यातायात व्यवस्था बाधित, हादसों का खतरा..

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, उग्र आंदोलन की चेतावनी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
रोशनाबाद: सिडकुल से सटे गांव रोशनाबाद के मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन एक निजी कंपनी को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। वर्तमान उपप्रधान ने जिलाधिकारी हरिद्वार को लिखित शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि मिलटन प्रा.लि. नाम की कंपनी नियमों के विरुद्ध रिहायशी क्षेत्र और मुख्य मार्ग पर स्थापित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है और हादसों का खतरा बढ़ गया है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।शिकायत में बताया गया है कि कंपनी के निर्माण कार्य के चलते मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से करीब 50 गांवों के लोग आवागमन करते हैं।कंपनी के आसपास एक ओर सरकारी स्कूल और दूसरी ओर स्टेडियम स्थित है। ऐसे में दिनभर छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। जाम और भारी वाहनों की मौजूदगी के चलते बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्कूली समय में सड़क पार करना भी जोखिम भरा हो जाता है और कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।उपप्रधान ने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि इसी मार्ग पर साप्ताहिक बाजार भी लगता है, जिससे भीड़ और बढ़ जाती है। निर्माण कार्य के कारण सड़क पर अव्यवस्था बनी रहती है और ट्रैफिक नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि रिहायशी बस्ती और मुख्य मार्ग पर औद्योगिक इकाई स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। यदि भविष्य में कंपनी परिसर में आगजनी, विस्फोट या अन्य औद्योगिक दुर्घटना होती है तो आसपास मौजूद स्कूली बच्चों, राहगीरों और ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ सकती है।उपप्रधान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य पर रोक लगाने और थाना सिडकुल को आवश्यक निर्देश जारी कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग भी की गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन मुख्य मार्ग और आबादी के बीच इस तरह का निर्माण सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!