
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: औद्योगिक नगरी सिडकुल में बीते कई दिनों से लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों ने पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। एक के बाद एक हो रही घटनाओं से जहां आमजन में दहशत का माहौल था, वहीं चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। लेकिन हरिद्वार पुलिस ने आखिरकार इन शातिर वाहन चोरों की कमर तोड़ते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त निर्देशों पर तेज हुई कार्रवाई…..
लगातार बढ़ रही वाहन चोरियों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चोरी की घटनाओं पर हर हाल में प्रभावी अंकुश लगाया जाए और इसमें संलिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। एसएसपी के निर्देशों के बाद सिडकुल पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू की गई।
कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में बनी रणनीति, तैयार हुआ ‘क्राइम ग्राफ’….
एसएसपी के आदेशों के अनुपालन में थाना सिडकुल के कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सभी चोरी की घटनाओं के स्थलों का गहन निरीक्षण किया, संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण कर एक क्राइम ग्राफ तैयार किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।
चेकिंग के दौरान दबोचे गए दो शातिर, चोरी की बाइक समेत पकड़े गए…….
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों आयुष पुत्र गंगाराम व रोहित पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर इनके कब्जे से डैन्सो चौक से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में खुला बड़ा राज, मुन्जाल शोवा के पीछे बना रखा था चोरी का अड्डा…..
हिरासत में लिए गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे छिपाकर रखने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 03 मोटरसाइकिल और 01 स्कूटी बरामद कर चोरी के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया।
05 दोपहिया वाहन बरामद, कई मुकदमों से जुड़े तार……
पुलिस द्वारा बरामद कुल 05 वाहनों में से 02 वाहनों के संबंध में पूर्व से पंजीकृत मुकदमों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि शेष वाहनों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। आयुष और रोहित पर विभिन्न मुकदमों में धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत पाए गए हैं, जिससे उनके शातिर होने की पुष्टि होती है।
सिडकुल पुलिस टीम की सक्रियता रंग लाई…..
इस पूरी कार्रवाई में थाना सिडकुल पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और सुनियोजित रणनीति से जहां वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ, वहीं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा भी मजबूत हुआ है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, अपर’उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, अपर’उपनिरीक्षक संजय चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र तोमर, कांस्टेबल अरविन्द कुमार व कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल रहे।



