पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर क्षेत्र में आबकारी अधिनियम से संबंधित व लावारिस वाहनों की नीलामी प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।
वर्ष 2017 से 2024 तक जब्त किए गए आबकारी अधिनियम से संबंधित वाहनों और वर्ष 2024 से 2025 तक के लावारिस वाहनों सहित कुल 71 वाहनों की पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नीलामी की गई। नीलामी में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और निर्धारित मूल्य से अधिक बोली लगाकर वाहन खरीदे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के आदेश पर क्षेत्राधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में ज्वालापुर में नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, नायब तहसीलदार प्रताप सिंह व परिवहन कर अधिकारी रविंद्र पाल सिंह सैनी भी मौजूद रहे।
नीलामी में वर्ष 2017 से 2024 तक के आबकारी अधिनियम से संबंधित 61 वाहन व वर्ष 2024 से 2025 तक के 10 लावारिस वाहन शामिल किए गए। संभागीय निरीक्षक प्राविधिक परिवहन अधिकारी द्वारा 61 आबकारी वाहनों का मूल्यांकन 3 लाख 90 हजार रुपये व 10 लावारिस वाहनों का मूल्यांकन 57 हजार रुपये निर्धारित किया गया था।
नीलामी प्रक्रिया धीमी बोली से शुरू हुई, जिसमें क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कुल 48 व्यक्तियों ने बोली में भाग लिया। आबकारी अधिनियम से संबंधित वाहनों की सबसे अधिक बोली टोकन नंबर 01
रिजवान अली पुत्र इरशाद अली निवासी नगला इमरती, रुड़की द्वारा 4 लाख 27 हजार रुपये लगाई गई। वहीं लावारिस वाहनों की सर्वाधिक बोली टोकन नंबर 42 दानिश पुत्र मतलूब निवासी अहवाब नगर, कोतवाली ज्वालापुर द्वारा 1 लाख 22 हजार रुपये की रही।
पुलिस प्रशासन के अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नीलामी में खरीदे गए वाहनों को संबंधित बोलीदाताओं के सुपुर्द किया जाएगा। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी व विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराने का दावा किया।



