
पंच👊नामा
रुड़की: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंद्रपुर गांव में बच्चों के बीच खेलते समय हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। बताया गया है कि गुस्से में आए दूसरे नाबालिग ने डंडे से सिर पर वार कर दिया, जिससे घायल बालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंद्रपुर गांव में बच्चे फट्टी बॉल खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गांव के ही एक नाबालिग ने दूसरे के सिर पर पीछे से डंडा मार दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल बन गया।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।



