“blood donation: “आओ करें रक्तदान, किसी की बचेगी जान” — ज्वालापुर पुलिस की पहल ने जीता दिल, 50 यूनिट रक्त संग्रह..
“सर्वश्रेष्ठ कोतवाली” का खिताब मिलने की खुशी में ज्वालापुर कोतवाली में रक्तदान शिविर का आयोजन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर क्षेत्र में इंसानियत और सेवा का शानदार उदाहरण पेश करते हुए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कर एक मिसाल कायम की।
उत्तराखण्ड की “सर्वश्रेष्ठ कोतवाली” का खिताब मिलने की खुशी को समाज सेवा से जोड़ते हुए इस अभियान को न सिर्फ सफल बनाया गया, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर इसे जनआंदोलन का रूप दे दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में आयोजित इस रक्तदान शिविर में पुलिस महकमे के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस दौरान कुल 50 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया, जो जरूरतमंदों के लिए जीवनदान साबित होगा।
क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने स्वयं रक्तदान कर पुलिस बल और आमजन को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ी कोई सेवा नहीं हो सकती।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने भी रक्तदान करते हुए इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने बताया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में सहभागी है।
वहीं एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार ने भी रक्तदान कर मानवता के इस अभियान को मजबूती दी और अधिक से अधिक लोगों से इस तरह के सामाजिक कार्यों में आगे आने की अपील की।
इस दौरान मीडिया कर्मियों, क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों और अन्य स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ज्वालापुर पुलिस की इस सराहनीय पहल की चारों ओर भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।



