
पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार: स्टार प्रचारक के तौर पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने उत्तराखंड पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जोर शोर से वायरल हो रहा है। शिवराज ने अलग-अलग सीटों पर जनसभा रोड शो और डोर टू डोर प्रचार कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जमकर माहौल बनाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी भाजपा सरकार की उपलब्धियों की झड़ी लगाते हुए दोबारा सरकार बनने का दावा किया। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड से भाजपा की विदाई का दावा करते देखे जा रहे हैं। हालांकि “पंच👊नामा.. इस वीडियो को लेकर किसी भी तरह का कोई दावा नहीं करता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से ना सिर्फ भाजपा की फजीहत हो रही है, बल्कि शिवराज सिंह चौहान के उन लंबे चौड़े दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जो उन्होंने जनसभाओं रोड शो और प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए हैं। इस वीडियो में शिवराज सिंह चौहान कुछ लोगों से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति शिवराज सिंह चौहान से चुनाव नतीजों के बारे में पूछता है। जिस पर शिवराज सिंह चौहान जवाब देते हैं कि यूपी में तो कोई मुद्दा ही नहीं है लेकिन उत्तराखंड में बीजेपी गई।
दरअसल शिवराज सिंह चौहान ने पहाड़ के कई जिलों में प्रचार करने के बाद गुरुवार और शुक्रवार को हरिद्वार में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। उन्होंने खुद पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी कि वह पूरे प्रदेश का दौरा करके आ रहे हैं और भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान अगर भाजपा की विदाई का दावा कर रहे हैं तो यह उत्तराखंड में आकर उनके अनुभव का नतीजा ही हो सकता है। वीडियो बनाने वाला शख्स भी शिवराज सिंह चौहान के नजदीक खड़ा है। यह भी संभव है कि वह कोई भाजपा का ही व्यक्ति हो सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुआ, यह तो भाजपा के लोग ही जानें। अलबत्ता फिलहाल भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने उत्तराखंड आए शिवराज सिंह चौहान के इस वीडियो ने फायदे के बजाय भाजपा की मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।