हरिद्वार

“सच सामने लाओ या जवाब दो”— क्रॉस एफआईआर को लेकर ‘सुराज सेवा दल’ का एसएसपी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, एसपी ग्रामीण को सौंपा ज्ञापन, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र में दर्ज क्रॉस एफआईआर को लेकर मंगलवार को सुराज सेवा दल ने रोशनाबाद स्थित एसएसपी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठे और मामले की निष्पक्ष जांच सहित जनहित व कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एसपी देहात को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामलों में शीघ्र, पारदर्शी और न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा।सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने पथरी थाना क्षेत्र में दर्ज क्रॉस एफआईआर का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों के बावजूद पूरे प्रकरण में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए।रमेश जोशी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय एवं डीजीपी स्तर से जारी आदेशों का प्रदेशभर में एक समान अनुपालन होना चाहिए। यदि विभिन्न स्थानों पर आदेशों के पालन में भिन्नता दिखाई देती है तो इससे आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है और प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सभी मामलों में नियमों का निष्पक्ष और समान रूप से पालन किया जाना आवश्यक है। किसी भी प्रकार का भेदभाव या अपवाद व्यवस्था की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि संगठन द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान अजय मौर्य, देवेंद्र बिष्ट, देवेंद्र पाल सिंह, सुमित अग्रवाल, विजेंद्र, नवीन, इंतजार, नौसाद, अलीम, सुंदर, अंकित, गजेन्द्र, नितिन कटारिया, नफीस, दिनेश, सतवीर, दीपक राणा, लालमणि भारद्वाज, सागर वर्मा, अमित अग्रवाल, राजेश, सुशील, शेखर, खलील, राहुल, मेहरबान, इरफान, राजा, औरंगजेब, परवीन अग्रवाल, कावेरी जोशी, पूजा बिष्ट, पूजा नेगी, रीमा शर्मा, वसीला, नेहा, संगीता, लक्ष्मी, सुनीता तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!