
पंच👊नामा
रूड़की: पिरान कलियर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी मजदूरी की आड़ में नशे का धंधा चला रहा था और कलियर क्षेत्र में भेषधारी बाबाओं व नशे के आदी लोगों को मुनाफे पर गांजा बेचकर अवैध कमाई कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कलियर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में कोतवाली कलियर पुलिस टीम ने मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुन्तियाज पुत्र मोहम्मद ताहिर निवासी धरमपुर सरोवगी, पोस्ट अंबोली, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (हाल निवासी मुकर्रबपुर, पिरान कलियर) बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पेशे से मजदूर है, लेकिन अधिक पैसे कमाने के लालच में रुड़की से गांजा लाकर कलियर क्षेत्र में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचता था। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली कलियर में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार व होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे।



