
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रेलवे स्टेशन हरिद्वार के प्लेटफार्म नंबर-4 से भीड़भाड़ के बीच ट्रेन में छूटकर गुम हुए पांच वर्षीय मासूम को जीआरपी हरिद्वार ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों की खुशियां लौटा दीं।
हरियाणा के जगाधरी-यमुनानगर से बच्चे की बरामदगी के बाद जीआरपी की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। कप्तान के निकट पर्यवेक्षण में तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ समेत संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश शुरू की गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने का अभियान भी चलाया गया।
जीआरपी हरिद्वार इंस्पेक्टर बिपिन चन्द्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सुराग जुटाए और आखिरकार जगाधरी, जनपद यमुनानगर (हरियाणा) से पांच वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
गुरुवार को बालक को सीडब्ल्यूसी रोशनाबाद के समक्ष पेश करने के बाद नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन पंजाब के मोहाली स्थित शिवालिक विहार निवासी अनिकेत अपने पिता, पत्नी और छह बच्चों के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी हरिद्वार-अमृतसर एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान ट्रेन के गंतव्य को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
आनन-फानन में परिवार के सदस्य ट्रेन से उतर गए, लेकिन भारी भीड़ के बीच उनका पांच वर्षीय पुत्र ट्रेन में ही छूट गया। इस संबंध में थाना जीआरपी हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।
गठित पुलिस टीम के अथक प्रयासों से बच्चे की सकुशल बरामदगी होने पर जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तरन्नूम सईद, कांस्टेबल मंसूर अली तथा कांस्टेबल नैथानियल भट्टी शामिल रहे।



