राजनीतिहरिद्वार

हजारों करोड़ के मालिक कैसे बने मदन कौशिक, संजय गुप्ता से पहले स्वामी भी उठा चुके हैं सवाल..

नतीजों से पहले संजय गुप्ता के सवालों से असहज हुई भाजपा, मदन कौशिक ने साधी चुप्पी..

इस खबर को सुनिए

पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार: लक्सर विधायक और भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता अपने तरकश से हर रोज नए-नए तीर निकालकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर निशाना साध रहे हैं अब संजय गुप्ता ने मदन कौशिक की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। गुप्ता का कहना है कि दूध का काम करने वाले मदन कौशिक 20 साल में हजारों करोड़ के मालिक कैसे बन गए, इसकी जांच होनी चाहिए। संजय गुप्ता से पहले कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी स्वामी यतीश्वरानंद भी मदन कौशिक की संपत्ति को लेकर सवाल उठाते हुए जांच की मांग कर चुके हैं। पूरा मामला भाजपा हाईकमान तक पहुंच चुका है और चुनाव के नतीजे आने से पहले ही पार्टी असहज स्थिति में आ गई है। वहीं विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लपकने में देर नहीं की कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संजय गुप्ता के बयान और आरोपों को चुनाव में भाजपा की हार का “कुबूलनामा बताया है।


लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अनन्य भक्त हैं। लेकिन यह जांच का विषय है कि दूध का छोटा सा व्यापारी राज्य स्थापना के बाद महज 20 साल में हजारों करोड़ का कारोबारी कैसे बन गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए किया है। पार्टी को इसकी जांच करानी चाहिए। कौशिक को पार्टी से निष्कासित करने की मांग को दोहराते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शहरी विकास मंत्री रहते हुए विपक्षी विधायक से मिलकर हरिद्वार के धार्मिक स्वरूप को बिगाड़ने के लिए मंगलौर में स्लाटर हाउस खोलने का आदेश जारी कर दिए थे। लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह के लेटर हेड पर जारी आदेश को दिखाते हुए कहा कि नौ फरवरी को भाजपा जिलाध्यक्ष ने लक्सर विधानसभा में चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और भितरघात में शामिल चार कार्यकर्ताओं को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इसमें एक पार्षद भी शामिल है। यह कार्रवाई उनके आरोपों को सही सिद्ध करती है। संजय गुप्ता ने कहा कि वह इस मामले को हाईकमान तक ले जाएंगे। वही मदन कौशिक अपनी संपत्ति को लेकर पहली बार अपनी पार्टी के विधायकों से निशाने पर नहीं आए हैं।


कुछ साल पहले स्वामी यतीश्वरानंद ने भी मदन कौशिक की संपत्ति की जांच की मांग उठाते हुए पत्राचार किया था। उन्होंने भी मदन कौशिक के रुड़की के इमलीखेड़ा गांव से हरिद्वार आकर दूध का कारोबार करने और फिर हजारों करोड़ की संपत्ति जमा करने पर सवाल उठाया था।


वहीं, इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की चुप्पी के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह ने नौ फरवरी को एक पार्षद समेत चार कार्यकर्त्ताओं को निष्कासित करने की बात को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि अन्य कई कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भी इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस बाबत विधायक के स्तर से लिखित शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने विधायक संजय गुप्ता के बयान पर कहा कि उनकी शिकायत सही है या गलत, यह तो जांच का विषय है, लेकिन उन्हें अपनी बात पार्टी फोरम पर रखनी चाहिए थी। इस तरह मामले को मीडिया के सामने ले जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी व प्रदेश अध्यक्ष इस मामले का संज्ञान ले चुके जाएंगे। पार्टी हाईकमान को पूरे मामले की जांच करानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!