हरिद्वार

“पुलिस लाइन रोशनाबाद में कन्हैया के रंग में रंगा जन्माष्टमी महोत्सव 24 मनमोहक झांकियों ने मोहा मन..

डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने झुलाया लड्डू गोपाल का झूला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रोशनाबाद कन्हैया के रंग में रंगी नजर आई। आकर्षक झांकियों, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मधुर गीत-संगीत, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों और देर रात हुई शानदार आतिशबाजी के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जनपद के विभिन्न थानों और कार्यालयों की ओर से सजाई गई 24 मनमोहक झांकियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं, जिनके साथ पुलिस परिवारों और आमजन ने जमकर फोटो और सेल्फी ली।शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन पहुंचे, जबकि एसएसपी नवनीत सिंह भी अपनी माता सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद आमजन के साथ दोनों अधिकारियों ने विभिन्न थानों व कार्यालयों द्वारा सजाई गई आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया और उनकी मनोहर प्रस्तुति का आनंद लिया।पुलिस लाइन के विशाल प्रांगण में मुख्य मार्ग के किनारे सजी झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कहीं धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप ने लोगों का मन मोहा तो कहीं आकर्षक सजावट ने दर्शकों को अपनी ओर खींचा। छोटे-बड़े, पुलिस परिवारों और क्षेत्रीय जनता सहित भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इन खूबसूरत पलों को कैद किया।झांकियों के अवलोकन के बाद बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रकाशिणाधीन रिक्रूट आरक्षियों और पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। शानदार नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शक दीर्घा को रोमांचित कर दिया।कार्यक्रम में गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के मधुर गीतों ने भी समां बांध दिया। गीत-संगीत और भव्य नृत्य प्रस्तुतियों के बीच मौजूद दर्शक खुद को झूमने से नहीं रोक सके।सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद देर रात्रि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन स्थित श्री दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में विशेष आकर्षक सजावट की गई थी, वहीं चारधाम मॉडल पर आधारित विशेष झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। डीएम मयूर दीक्षित ने अपने परिवार के साथ और एसएसपी नवनीत सिंह ने अपनी माता के साथ पूजा-अर्चना कर लड्डू गोपाल को झूला झुलाया। इसके बाद अन्य अधिकारियों ने भी बारी-बारी से कन्हैया को झूला झुलाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद हुई जबरदस्त आतिशबाजी ने पूरे क्षेत्र को रोमांचित कर दिया और पुलिस लाइन परिसर देर रात तक जन्माष्टमी उत्सव के उल्लास में डूबा रहा।इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, पुलिस परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!