
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी हरिद्वार के शिवमूर्ति चौक पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब 16 महिलाएं दो पक्षों में बंटकर आपस में भिड़ गईं। मामला आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर हुए विवाद का बताया जा रहा है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंचने की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना और स्थिति को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों की आठ-आठ महिलाओं समेत कुल 16 महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने और विवाद की स्थिति पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में लगातार चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर चेकिंग, होटल-ढाबों और धर्मशालाओं की निगरानी के साथ सुरक्षा व यातायात व्यवस्था में तैनात थीं। इसी दौरान रेलवे गेट नंबर-5 के सामने महिलाओं के दो पक्ष आपस में गाली-गलौज करते और मारपीट पर आमादा दिखाई दिए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई तो विवाद की वजह आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुआ झगड़ा सामने आया।
पुलिस ने आशंका जताई कि विवाद बढ़ने से शांति व्यवस्था भंग हो सकती है और संज्ञेय अपराध की स्थिति पैदा हो सकती है। इसे देखते हुए दोनों पक्षों की आठ-आठ महिलाओं, कुल 16 महिलाओं को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका…..
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक निशा सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा, महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा, महिला कांस्टेबल पूनम सोरियाल, महिला कांस्टेबल पुष्पा, कांस्टेबल अमित भट्ट, कांस्टेबल हरीश रतूड़ी, कांस्टेबल हसलवीर और कांस्टेबल अजय पंवार शामिल रहे।



