हरिद्वार

“कई कॉलोनियों का नाला खालसा कॉलोनी से जोड़ने पर हंगामा, लोगों ने रुकवाया काम..

महिला शक्ति ने भी संभाला मोर्चा, दोबारा काम शुरू हुआ तो आंदोलन की चेतावनी, जेई ने दिलाया भरोसा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल क्षेत्र के नवोदय नगर स्थित खालसा कॉलोनी में दूसरी कॉलोनियों के नाले जोड़ने को लेकर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गणेश विहार, सिद्धांत एन्क्लेव और आतिश पब्लिक स्कूल मेन रोड समेत अन्य क्षेत्रों का गंदा पानी खालसा कॉलोनी के नाले में जोड़ने के काम का स्थानीय निवासियों ने जमकर विरोध किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर एकत्र हुए और हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। लोगों का कहना है कि जब खालसा कॉलोनी की अपनी जल निकासी व्यवस्था ही बदहाल है तो दूसरी कॉलोनियों के गंदे पानी का बोझ यहां क्यों डाला जा रहा है? इस पूरे मामले में स्थानीय पार्षद की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर अतिरिक्त परेशानी थोपने का प्रयास किया जा रहा है।खालसा कॉलोनी में सड़क और नालियों की स्थिति पहले से ही खराब है। गलियों में जलभराव बना रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गणेश विहार फेस-1, गणेश विहार फेस-2, सिद्धांत एन्क्लेव और आतिश पब्लिक स्कूल मेन रोड समेत अन्य कॉलोनियों के गंदे पानी की निकासी खालसा कॉलोनी के नाले से जोड़ने के काम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई कि यदि ऐसा किया गया तो जलभराव, गंदगी और दुर्गंध की समस्या और गंभीर हो जाएगी।जेई के आश्वासन पर रुका काम, आंदोलन की चेतावनी…..
लोगों के विरोध और आक्रोश के बीच मौके पर पहुंचे जेई शाहरुख ने फिलहाल काम रोकने और खालसा कॉलोनी के नाले को दूसरी कॉलोनियों से नहीं जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। अधिकारियों को अपने वादे पर कायम रहना होगा। यदि भविष्य में दोबारा नाला जोड़ने का प्रयास किया गया तो कॉलोनीवासी एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। विरोध के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि खालसा कॉलोनी की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के बजाय दूसरी कॉलोनियों का पानी यहां जोड़ना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!