अपराधहरिद्वार

“बारात की गाड़ी की चपेट में आया बालक, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घेर ली बारात, 250 बाराती बने ‘बंधक’..

बालक को गंभीर हालत में देहरादून हायर सेंटर रेफर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद छुड़ाए बाराती — गांव में एहतियातन पुलिस तैनात..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की: भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टकाभरी में एक शादी समारोह के दौरान बारात की कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक विशु गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बारात को घेर लिया, कार को पलट दिया और करीब ढाई सौ बारातियों को बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात को काबू में कर बारातियों को मुक्त कराया।पुलिस के अनुसार लक्सर क्षेत्र से एक बारात भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टकाभरी में आई हुई थी। इसी दौरान बारातियों की एक कार को पीछे करते समय गांव का 10 वर्षीय बालक विशु वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने कार को पलटते हुए बारात को घेर लिया।बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने करीब 250 बारातियों को रोक लिया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला बढ़ता देख आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।इस दौरान एसपी देहात शेखर सुयाल भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। पुलिस की समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद बारातियों को सुरक्षित छुड़ाया गया। घटना के दौरान ग्रामीणों और बारातियों के बीच कहासुनी और झड़प की भी जानकारी सामने आई है। घायल बालक विशु को गंभीर हालत में देहरादून के हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि लक्सर क्षेत्र से आई बारात की कार को पीछे करते समय बालक वाहन की चपेट में आ गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर बारात को घेर लिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारातियों को सुरक्षित छुड़ा लिया है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!