पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। नजीबाबाद हाईवे पर बुधवार देर शाम नशे में धुत एक कार चालक ने पैदल जा रहे युवक और एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और बस्ती के ग्रामीणों ने चंडीघाट पुलिस चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा।
पुलिस के अनुसार, चंडीघाट बस्ती निवासी प्रवेश कांगड़ी से हरिद्वार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चंडीघाट पुलिस चौकी के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की चपेट में एक स्कूटी भी आ गई। हादसे में प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार सौरभ अग्रवाल निवासी सर्वप्रिय विहार कनखल सहित दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने मौके से नशे में धुत कार चालक को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही चंडीघाट बस्ती के लोग बड़ी संख्या में पुलिस चौकी पहुंच गए। परिजन और ग्रामीण आरोपी चालक का चेहरा दिखाने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ महिलाएं और युवक उग्र हो गए और चौकी के शीशे का गेट तोड़ दिया। कुर्सियों से भी तोड़फोड़ की गई।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को लाठियां फटकारते हुए हंगामा कर रहे लोगों को चौकी से दूर खदेड़ना पड़ा। देर रात एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह भी पुलिस चौकी पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



