अपराधहरिद्वार

“आदतन नशा तस्कर महिला फिर चढ़ी पुलिस के हत्थे, 3 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चला अभियान, सटोरिया और हंगामा करने वाले भी दबोचे, हर मोर्चे पर पुलिस का सख्त एक्शन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की: पिरान कलियर थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रहमतपुर नई कॉलोनी से स्मैक बेचने के आरोप में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार करते हुए करीब तीन लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। खास बात यह है कि आरोपी महिला पहले भी कई बार नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है, बावजूद इसके वह फिर से स्मैक के कारोबार में लिप्त पाई गई।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में “नशामुक्त देवभूमि” और सत्यापन अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के तस्करों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने मुखबिर तंत्र और लगातार गश्त के जरिए नशा तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम जब रहमतपुर रोड स्थित नई कॉलोनी में सत्यापन अभियान चलाते हुए पानी की टंकी के पास पहुंची तो एक महिला घर के बाहर चारपाई पर बैठी दिखाई दी। पुलिस टीम को देखते ही महिला घबरा गई और अचानक उठकर खेतों की ओर जाने लगी। उसकी संदिग्ध हरकत पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को रोककर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान महिला पहले तो गोलमोल जवाब देने लगी, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद ही अपने कपड़ों के अंदर से एक क्रीम रंग का चेनदार पर्स निकालते हुए बताया कि वह स्मैक बेचने का काम करती है और पर्स में भी थोड़ी स्मैक रखी हुई है। पर्स से निकाली गई पारदर्शी पन्नी में भूरे रंग का डलीनुमा पदार्थ मिला, जिसे जांचने पर वह स्मैक निकली। पूरी बरामदगी की वीडियोग्राफी कर पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार महिला की पहचान शबाना उर्फ शबनम (35) पत्नी सैय्याद निवासी रहमतपुर नई कॉलोनी, पानी की टंकी के पास, पिरान कलियर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 5.92 ग्राम स्मैक (कीमत लगभग 3 लाख रुपये), स्मैक बिक्री से मिले 2920 रुपये और एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे साफ है कि वह लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में सक्रिय रही है।.पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, महिला उपनिरीक्षक विशाखा असवाल, हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान, कांस्टेबल विक्रम चौहान और कांस्टेबल आविद शामिल रहे।इसी क्रम में पुलिस ने अन्य मामलों में भी कार्रवाई करते हुए हज हाउस पार्किंग के पास सट्टे की खाईबाड़ी करते अनस मलिक (19) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से सट्टा डायरी, पेन और 1820 रुपये नकद बरामद किए गए।वहीं रहमतपुर स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से विवाद कर हंगामा करने वाले राजीव कुमार, अंकित कुमार और राहुल कुमार को भी पुलिस ने समझाने के बावजूद शांतिभंग करने पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। इन कार्रवाइयों में पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील दत्त पंत, हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान, कांस्टेबल प्रकाश मनराल, कांस्टेबल जितेन्द्र रावत, होमगार्ड राजेन्द्र सिंह और होमगार्ड अंकित कुमार भी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!