
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शराब के नशे में लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। डायल 112 पर खुद को लूट का शिकार बताने वाला शख्स पुलिस जांच में ही फंस गया। थाना श्यामपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी क्रेटा कार सीज कर दी, जिससे फर्जी ड्रामे का पर्दाफाश हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में आपातकालीन सेवाओं पर भ्रामक सूचना देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बीती रात डायल 112 पर एक कॉलर ने सूचना दी कि मोटरसाइकिल (UP11-3904) सवार दो युवकों ने उससे 10 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर श्यामपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर कॉलर जयन्त मंमगई से पूछताछ की गई तो वह अत्यधिक शराब के नशे में अपनी क्रेटा कार (UK08AJ-9955) चलाते हुए पाया गया। पूछताछ के दौरान वह घटना को लेकर बार-बार बयान बदलने लगा। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने और सख्ती से जांच करने पर लूट की घटना पूरी तरह फर्जी निकली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में पुलिस को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत कहानी बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और घटना में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया।
पुलिस टीम…..
उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड
कांस्टेबल मनोज रतूड़ी
कांस्टेबल मोहन सिंह रावत
होमगार्ड नितिन कुमार



