हरिद्वार

“फ्लाईओवर पर अचानक ब्रेक बना हादसे की वजह, ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं की कार, 7 घायल..

दिल्ली से हरिद्वार आ रहे थे सभी श्रद्धालु, एक की हालत गंभीर, सीपीयू-ट्रैफिक पुलिस और राहगीरों के रेस्क्यू से बची जान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: प्रेमनगर आश्रम चौक फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे श्रद्धालुओं की कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे में घायल लोगों की पहचान दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी नीलम (39), जयप्रकाश (55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश (55), सत्य प्रकाश (60) और राजबहादुर (58) के रूप में हुई है। ये सभी कनखल में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने हरिद्वार आ रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर पहुंचते ही सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया।इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे दिल्ली निवासी लोडर चालक सचिन और एक टेंपो ट्रैवलर चालक ने भी मानवता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में 108 एंबुलेंस सेवा और एनएचएआई की टीम ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।प्रारंभिक जांच में फ्लाईओवर पर खड़े एक खराब वाहन और ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने को हादसे की वजह माना जा रहा है। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!