“ट्रक के अचानक कट मारने से रोडवेज बस से भिड़ंत, गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा… सड़क पर बिखरे सिलेंडर, छह यात्री घायल..
पंच👊नामा
रुड़की: मंगलौर से भगवानपुर की ओर जा रहे गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और हरियाणा रोडवेज की बस के बीच रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पनियाला कट के पास अचानक दिशा बदलने से ट्रक बस से टकरा गया और पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के पनियाला कट के पास गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक मंगलौर से भगवानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक दिशा परिवर्तन कर दिया, जिससे पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें भरे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित एकत्रित कराया। साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारू कराई गई। हादसे में बस में सवार कुछ यात्री घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घायलों के नाम इस प्रकार हैं—
1:- नीलम पत्नी रिशिपाल (50 वर्ष), निवासी कैथल, हरियाणा
2:- मनीषा पुत्री नित्यानंद (27 वर्ष), निवासी ऋषिकेश, देहरादून
3:- दिव्या पत्नी कुलदीप (27 वर्ष), निवासी ऋषिकेश, देहरादून
4:- परिधि पुत्री जगदीप सिंह (23 वर्ष), निवासी टिहरी गढ़वाल
5:- संजय कुमार पुत्र राम भगत (49 वर्ष), निवासी हिसार, हरियाणा
6:- संजय कुमार (बस कंडक्टर)



