
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रेलवे स्टेशन हरिद्वार पर जहर खुरानी की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी को आखिरकार जीआरपी हरिद्वार ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बुजुर्ग और अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर लूटपाट करने वाले आरोपी लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था, यह शातिर खुद ही शिकार की तलाश में हरिद्वार पहुंचा और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस मामले में लगातार निगरानी और तकनीकी जांच तेज की। कप्तान के कसे नेतृत्व में जहर खुरानी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की पहचान, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसके बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
जीआरपी इंस्पेक्टर बिपिन चंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों की कड़ी निगरानी की। तकनीकी साक्ष्यों और मैन्युअल पुलिसिंग के आधार पर आरोपी की पहचान पुख्ता की गई और प्लेटफार्म नंबर एक के पास से उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के साथ उसकी करीब पांच वर्षीय बच्ची भी मिली, जिसे वह शक से बचने के लिए साथ रखता था।
मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने जांच के दौरान पूर्व घटनाओं के पीड़ितों से पहचान कराई और साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नीटू बुजुर्ग महिलाओं को अपनी बातों में फंसाकर पहले बच्ची को चाय पिलाता, फिर स्वयं पीता और बाद में पीड़ित को नशीली चाय देकर बेहोश कर आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी नीटू पुत्र नरेश कुमार निवासी तीतरो, सहारनपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके कब्जे से नशीली गोलियां, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल कपड़े बरामद किए गए हैं। इस सफल कार्रवाई पर कप्तान अरुणा भारती ने थाना प्रभारी समेत पूरी पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
टीम में: बिपिन चंद्र पाठक (थाना प्रभारी) उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार (विवेचक) उपनिरीक्षक प्रीति, अपर उपनिरीक्षक श्याम दास, अपर उपनिरीक्षक सुशील तिवारी, अपर उपनिरीक्षक दिगंबर खंडूरी, हेडकांस्टेबल पृथ्वी नेगी, हेडकांस्टेबल रविंद्र गिरी, हेडकांस्टेबल संगीता, हेडकांस्टेबल योगिता, कांस्टेबल ललित, कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल जाहुल, कांस्टेबल खलील, कांस्टेबल संदीप राणा, कांस्टेबल जोगेंद्र, कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल शमशेर, महिला कांस्टेबल आंचल समेत एसओजी टीम से प्रभारी संजय सिंह, कांस्टेबल दीपक चौधरी, कांस्टेबल मनोज, कांस्टेबल करुणेश व कांस्टेबल विनीत शामिल रहे।



