
पंच👊नामा
पिरान कलियर: अपने सगे भाई पर तमंचे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी भाई को थाना पुलिस ने देसी तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भी जा चुका है।दरअसल बीती 3 अप्रैल को ग्राम महमूदपुर निवासी मुराद अली ने थाना कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका सगा भाई आबाद उर्फ बादु ने उसके घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की नियत से देसी तमंचे से फायर कर दिया।
गनीमत रही कि मुराद अली इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल के निर्देश पर थाना कलियर में तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया

और थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।लगातार पतारसी व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की गई गहन जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपी आबाद उर्फ बादु को बावन दर्रा के पास दोनों नहरों के बीच से एक देसी तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया गिरफ्तार आरोपी हाल ही में गैंगस्टर एक्ट के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार, गुंडा अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन मामलों में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
—————————————-
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी….
1:- रविंद्र कुमार (थानाध्यक्ष)
2:- उप निरीक्षक बबलू सिंह
3:- हेड कांस्टेबल सोनू कुमार
4:- हेड कांस्टेबल अमित कुमार
5:- कांस्टेबल वसीम