
पंच👊नामा-ब्यूरो
एक महिला ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य पर नौकरी के बदले शारीरिक संबंध का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। बातचीत का एक आडियो क्लिप भी शिकायत के साथ दिया गया है। इससे हड़कंप मच गया है। डीजीपी अशोक कुमार ने एसएसपी देहरादून को जांच के आदेश दिए हैं।
खबरों के अनुसार, महिला ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) के पूर्व सदस्य जय देव सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि सिंह ने 2018 में आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग-समूह ‘सी’) सेवा (सामान्य और महिला शाखा) परीक्षा में उनके चयन के लिए शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया था। डीजीपी को इस संबंध में व्हाट्सएप के माध्यम से एक ऑडियो क्लिप और एक लिखित शिकायती पत्र भी दिया गया है। महिला का कहना है कि उसने परीक्षा उत्तीर्ण की थी और उसे सामान्य और महिला दोनों शाखाओं के लिए चुना गया था। महिला का कहना है कि मई 2019 महिला शाखा के लिए साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुई और साक्षात्कार अच्छा होने के बावजूद उनका चयन नहीं हुआ था। महिला का आरोप है कि जून में, जब वह सामान्य शाखा के साक्षात्कार के लिए उपस्थिति थीं, तब पैनलिस्ट जय देव सिंह ने कहा कि उन्होंने साक्षात्कार पहले भी लिया था, इसलिए अब इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। महिला ने आरोप लगाया कि योग्य उम्मीदवार होने के बावजूद उसका चयन नहीं किया गया। वहीं, जयदेव सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए दावा किया कि महिला झूठे आरोप लगाकर महिला सस्ता प्रचार हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि चयन आयोग की चयन प्रक्रिया पारदर्शी है और सदस्य किसी विशेष साक्षात्कार पैनल में शामिल होने का निर्णय नहीं ले सकते हैं।