उधमसिंह नगर के बाद अब हरिद्वार में जहरीली गैस रिसाव, श्रमिकों की तबीयत बिगड़ी..
पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप, राहत व बचाव कार्य जारी..

पंच👊नामा
भगवानपुर: उधमसिंह नगर के बाद अब भगवानपुर के औधोगिक क्षेत्र में जहरीली गैस के रिसाव की खबर से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक दवा फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव होने से एक-एक कर श्रमिकों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। आनन फानन श्रामिकों को अस्पताल ले जाया गया। अभी तक सात से अधिक श्रमिकों की बीमार होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक़ भगवानपुर क्षेत्र की एक दवा फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से सात से अधिक श्रमिकों की हालत बिगड़ गई। श्रमिकों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। वहीं पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर श्रमिकों का हालचाल जाना।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर की घनी आबादी के बीच सुबह एक कबाड़ के गोदाम से जहरीली गैस का रिसाव होने से 47 से ज्यादा लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो गई थी। जिसमे एसडीएम, सीओ, सीएफओ आदि भी गैस के संपर्क में आने से बीमार हो गए थे। कुछ ऐसा ही मामला भगवानपुर क्षेत्र की दवा फैक्ट्री में सामने आया है, बताया जा रहा है कि जहरीली गैस के रिसाव के मामले में पुलिस जांच कर रही है।