आरोप: आश्रम निर्माण के नाम पर अवैध कब्जे का प्रयास, ग्रामीण ने अधिकारियों पर भी लगाया मिलीभगत का आरोप, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
रुड़की: पतंजलि योगपीठ के पास जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक ग्रामीण परिवार ने अपने निजी प्लॉट पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह निवासी गुलाम साबिर ने मीडिया को बयान देते हुए आरोप लगाया कि उसके पिता ताहिर हसन ने वर्ष 2022 में पतंजलि योगपीठ के पास एक भूमि खरीदी थी,
जिसकी विधिवत रजिस्ट्री उनके नाम पर है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा आश्रम निर्माण के नाम पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, संबंधित पक्षों के पास कब्जे से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं, फिर भी जमीन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में कुछ स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत के चलते उनकी शिकायतों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गुलाम साबिर का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय की शरण लेंगे।



