जिलाध्यक्ष बनकर “राजनीति की पाठशाला” पहुंची अनामिका शर्मा, गुरुजनों से लिया आशीर्वाद..
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने अभाविप से की थी राजनीति की शुरुआत, छात्रा को अध्यक्ष देख गदगद हुए गुरुजन..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक शिक्षक के लिए सबसे ज्यादा प्रसन्नता और गर्व का क्षण वो होता है, जब शिष्य किसी मुकाम पर पहुंचता है। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाली अनामिका शर्मा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनकर जब गुरुजनों का आशीर्वाद लेने पहुंची। अपने पूर्व छात्रा को जिलाध्यक्ष के रूप में पाकर गुरुजन भी गदगद हो उठे। प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने अनामिका शर्मा का स्वागत सम्मान करते हुए राजनीतिक क्षेत्र में बुलंदियों को छूने का आशीर्वाद दिया।गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में अपने मोर्चा में जिलाध्यक्षों की तैनाती की है। जिसमें हरिद्वार जिले से महिला मोर्चा की कमान अनामिका शर्मा को दी गई है। कॉलेज पहुंचने पर अनामिका शर्मा का स्वागत करते हुए प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि अनामिका शर्मा की ताजपोशी से यह साबित करती है कि राजनीतिक क्षेत्र में भी एसएमजेएन पीजी कॉलेज की छात्राएं ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं। गुरुजनों का आभार जताते हुए अनामिका शर्मा ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में अपनी प्रगति में पहले पायदान के रूप में कॉलेज का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कहा कि कॉलेज में छात्र राजनीति का ककहरा सीखने के फलस्वरुप आज जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश एवं जिला नेतृत्व ने प्रदान की है। गुरुजनों, पार्टी संगठन दोनों का ही वह आभार व्यक्त करती हैं। इस अवसर पर प्रीति गुप्ता, सोनिया अरोड़ा, गीता कुशवाहा और आशीष झा उपस्थित रहे।