
पंच👊नामा
रुड़की: महिला मित्र की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज एक हैड कांस्टेबल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जिससे हड़कंप मच गया। हैड कांस्टेबल देहरादून में तैनात था। जबकि उसकी महिला मित्र रुड़की सीपीयू में तैनात है।

बताया गया है कि महिला सिपाही की सगाई होने की जानकारी मिलने पर हेड कांस्टेबल पहले उसके किराए के मकान पर पहुंचा। लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद महिला सिपाही के कमरे पर ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

माना जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में नाकामी हाथ लगने पर हैड कांस्टेबल ने खुदकुशी की है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए जांच के निर्देश दे दिए हैं।

—————————————-
“साइबर थाने में तैनात था नरेश…..
रुड़की में बीएसएम तिराहे के पास एक मकान की छत की कुंडी से एक युवक का शव लटका मिला था। सूचना पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान साइबर थाना देहरादून में तैनात हैड कांस्टेबल नरेश चंद के रूप में हुई।

शुरुआती पड़ताल में जानकारी मिली है कि नरेश की सीपीयू में तैनात एक महिला कांस्टेबल से गहरी मित्रता थी। महिला मित्र की सगाई तय होने की जानकारी मिलने पर हैड कांस्टेबल नरेश बीएसएम तिराहे के पास स्थित महिला कांस्टेबल के किराये के आवास पर पहुंचा था।

लेकिन महिला मित्र के वहां न मिलने और उसकी सगाई होने की खबर से वह परेशान हो गया। पुलिस मान रही है कि इसी कारण उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की है।

ऐसा पता चला है कि हैड कांस्टेबल दो दिन से लापता था। उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस ने आखिरी लोकेशन के आधार पर महिला सिपाही के घर का दरवाजा तोड़कर नरेश का शव बाहर निकाला।

—————————————-
“आला अधिकारियों ने जुटाई जानकारी……
घटना का पता चलने पर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और आलाधिकारियों को पूरी घटना से अवगत कराया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की स्थित मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।