
पंच👊नामा
एमर. शर्मा, रुड़की: रुड़की में रास्ते के विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर पथराव कर दिया। इतना ही नहीं एक युवक ने पिस्तौल से हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सती में दो पक्षों में कई दिनों से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की दीवार तोड़ दी। दीवार तोड़ने का विरोध करने पर उक्त लोगों ने घर पर पथराव कर दिया। दूसरे पक्ष ने भी पथराव किया तो आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई।
इस दौरान दीवार तोड़ने वाले पक्ष की ओर से एक युवक ने पिस्तौल से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
इस मामले में दोनो पक्षो ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वही फायरिंग और पथराव की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।