
पंच👊नामा-ब्यूरो
उधमसिंहनगर: प्रदेश में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाए जा रहे “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत उधमसिंह नगर और STF पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है।
जसपुर क्षेत्र में की गई सटीक और सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
एसएसपी उधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में अवैध शस्त्रों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण व कोतवाली जसपुर पुलिस व STF कुमाऊं की संयुक्त टीम ने पतरामपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस टीम में उप निरीक्षक गोविंद सिंह मेहता, कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल सुभाष चंद्र के साथ STF के उप निरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, किशोर कुमार, वीरेंद्र चौहान और जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए शातिरों में शमशेर सिंह (निवासी हाजिरो, थाना जसपुर) और सिमरनदीप सिंह (निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा) शामिल हैं। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में दोनों के पास से एक-एक .32 बोर पिस्टल और 5-5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, आरोपियों के कब्जे से मिली स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी लेने पर उसमें से 12 बोर की 2 पंप एक्शन गन भी बरामद हुई, जो इस पूरे नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है।
इस मामले में कोतवाली जसपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद हथियारों के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में अवैध शस्त्रों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि “किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ ऐसे गिरोहों पर नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”



