अतिक्रमण हटाने की ड्यूटी के दौरान एएसआई को दिल का दौरा, अस्पताल में निधन..
कांवड़ मेले की तैयारी में तैनात थे एएसआई वीरेंद्र सिंह गुंसाई, हरकी पैड़ी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह गुंसाई की मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
अपर उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह गुंसाई श्यामपुर थाना क्षेत्र में तैनात थे। मंगलवार सुबह वे ड्यूटी पर हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे थे। स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में चल रही कार्रवाई के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़े।
तत्काल मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। एसपी सिटी पंकज गैरोला, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, शहर कोतवाल रितेश शाह, इंस्पेक्टर प्रशांत बहुगुणा और श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
वीरेंद्र सिंह गुंसाई मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के कंडारा गांव के निवासी थे। उनका परिवार कई वर्षों से गुमानीवाला, ऋषिकेश में निवास कर रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, एएसआई गुंसाई अपने कर्तव्य के प्रति बेहद समर्पित और अनुशासित अधिकारी थे। उनके असमय निधन से विभाग को गहरी क्षति हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रर्मेंद्र डोबाल समेत जिले भर के अधिकारियों ने एएसआई वीरेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक जिम्मेदार व सजग अधिकारी बताया।