हरिद्वार

“अतहर अंसारी बने हरिद्वार ग्रामीण कांग्रेस के सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष..

युवाओं के बीच सक्रियता और वरिष्ठ नेताओं से बेहतर तालमेल का मिला लाभ, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए हरिद्वार ग्रामीण की जिम्मेदारी अतहर अंसारी को सौंपी है। उन्हें सोशल मीडिया विभाग का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, हरिद्वार नगर की कमान अरुण चौहान को दी गई है।प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर की ओर से 30 अक्टूबर को जारी नियुक्ति सूची में प्रदेश के 26 संगठनात्मक क्षेत्रों के जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर की गई इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की डिजिटल गतिविधियों को धार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।अतहर अंसारी लंबे समय से हरिद्वार में कांग्रेस की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बेहतर तालमेल को उनकी नियुक्ति का प्रमुख आधार माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी और संगठन के प्रति सक्रियता के चलते प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।नई जिम्मेदारी के साथ अतहर अंसारी के सामने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करने की चुनौती होगी। खासतौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की नीतियों, जनहित से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को पार्टी से जोड़ने और कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय करने की दिशा में भी काम करना होगा।हरिद्वार नगर में अरुण चौहान को जिम्मेदारी……
इधर, हरिद्वार नगर के सोशल मीडिया विभाग का जिला अध्यक्ष अरुण चौहान को बनाया गया है। अरुण चौहान भी लंबे समय से कांग्रेस की राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। नगर क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और संगठन की आवाज को मजबूती देने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।प्रदेश नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा : अतहर…
नियुक्ति पर अतहर अंसारी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और युवा साथियों के सहयोग से संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।प्रदेश के 26 संगठनात्मक क्षेत्रों में घोषित किए गए अध्यक्ष…..
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग की ओर से जारी सूची में पुरोला से विष्णु चरण सिंह, चमोली से राम दयाल, कोटद्वार से वरुण नेगी, कोटद्वार नगर से पंकज नेगी, पौड़ी गढ़वाल से उपेंद्र रावत, टिहरी गढ़वाल से नवीन सेमवाल, रुद्रप्रयाग से कर्मवीर सिंह कुंवर और देवप्रयाग से रामलाल नौटियाल को जिम्मेदारी दी गई है।इसी तरह हरिद्वार नगर से अरुण चौहान, परवादून से रेखा कांडपाल सती, पछुवादून से जगपाल गुसाईं, काशीपुर नगर से शाहदान इकबाल, हल्द्वानी नगर से कौशलेंद्र भट्ट, नैनीताल से पवन कुमार, अल्मोड़ा से भुवन कुमार पांडे, बागेश्वर से धीरज कुमार, पिथौरागढ़ से त्रिभुवन चुफाल, डीडीहाट से हिमांशु चुफाल और गंगोत्री उत्तरकाशी से दीपक रावत को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।वहीं, हरिद्वार ग्रामीण से अतहर अंसारी, रुड़की महानगर से गौरव ठाकुर, रुड़की ग्रामीण से विकास कर्णवाल, देहरादून महानगर से गुरचरण कौशल, रानीखेत से विजय सिंह कराकोटी, चम्पावत से नवीन पांडे और रुद्रपुर महानगर से विकास विश्वास को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के जरिए कांग्रेस ने प्रदेशभर में सोशल मीडिया संगठन को सक्रिय करने और आगामी चुनाव से पहले अपनी डिजिटल रणनीति को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!